45 साल तक साथ निभाने वाले पति-पत्नी का एक साथ निधन, एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार!
भीलवाड़ा के मांडल कस्बे में 45 साल से साथ रह रहे पति-पत्नी ने एक ही दिन दुनिया को अलविदा कह दिया। दोनों रात में साथ सोए थे, लेकिन सुबह नहीं उठे। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे उनके अटूट प्रेम और जीवनभर के साथ का प्रतीक मानते हुए एक ही अर्थी पर दोनों का अंतिम संस्कार किया। यह घटना पूरे इलाके में भावुक कर देने वाली मिसाल बन गई।
भीलवाड़ा (राजस्थान) 19 अप्रैल 2026 :-कहते हैं कि जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं, लेकिन भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में एक ऐसी सच्ची और भावुक करने वाली कहानी सामने आई है, जिसने इस कहावत को जैसे सच कर दिया। यहां 45 साल से साथ रह रहे पति-पत्नी ने एक ही दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया, और परिजनों व ग्रामीणों ने दोनों का अंतिम संस्कार एक ही अर्थी पर किया।
रात को साथ सोए, सुबह नहीं उठे
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बुजुर्ग दंपती रोज की तरह रात में अपने घर में साथ सोए थे। लेकिन सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलने पर दोनों को अचेत अवस्था में पाया गया। इसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।