बालोतरा से अपहरण, पाली में लाश… रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, सदमे में बड़े भाई ने भी दी जान!
पहले भाई लापता, फिर कुएं से मिली लाश… सदमे में बड़े भाई ने भी कर ली खुदकुशी—रंजिश की खौफनाक कहानी!
राजस्थान के बालोतरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को कई किलोमीटर दूर पाली जिले के एक कुएं में फेंक दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस बीच सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि छोटे भाई के लापता होने के सदमे में बड़े भाई ने भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में दो बेटों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मामला बालोतरा जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र के बामसनी गांव का है। मृतक बचिया उर्फ सुरेश सिवाना क्षेत्र में मजदूरी करता था। 15 अप्रैल को वीर बापजी मंदिर के पास उसका ईश्वर भील नामक व्यक्ति से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी लगातार सुरेश की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
