राजस्थान में दौड़ के दौरान पुलिस कॉन्स्टेबल की अचानक मौत, हाल ही में हेड कॉन्स्टेबल बना था जवान
बीकानेर पुलिस ट्रेनिंग ग्राउंड में दौड़ के दौरान कॉन्स्टेबल देशराज शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हाल ही में उनका हेड कॉन्स्टेबल पद पर प्रमोशन हुआ था।
राजस्थान के बीकानेर से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुलिस ट्रेनिंग के दौरान एक कॉन्स्टेबल की अचानक मौत हो गई। शहर के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दौड़ लगा रहे एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा।
ट्रेनिंग के दौरान दौड़ते-दौड़ते गिरे
जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल देशराज शर्मा हाल ही में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर प्रमोशन के बाद ट्रेनिंग के लिए बीकानेर आए थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह ट्रेनिंग ग्राउंड में दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और बिना देर किए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे ट्रेनिंग ग्राउंड में सन्नाटा छा गया और साथी जवानों में शोक की लहर दौड़ गई।