दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 15 फीट नीचे नाले में गिरी कार, 4 साल के मासूम समेत 2 की मौत
कोटा के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे नाले में गिर गई। हादसे में 4 वर्षीय बच्चे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 4 साल के मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन करीब 15 फीट नीचे बने नाले में जा गिरा।
सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और रेस्क्यू टीम की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
कोटा लौटते समय हुआ हादसा
सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू के अनुसार, पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी नंदेश कुमार दाधीच अपने पिता बांकेबिहारी दाधीच, माता कमलेश बाई और मित्र विजय कुमार शर्मा के साथ इंद्रगढ़ से कोटा लौट रहे थे।