पाली में दर्दनाक सड़क हादसा: पति की आंखों के सामने पत्नी की मौत, शादी समारोह से लौटते समय ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
पाली के रामासिया गांव के पास शादी समारोह से लौट रहे दंपती की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
राजस्थान के पाली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति की आंखों के सामने उसकी पत्नी की मौत हो गई। दोनों एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर सदर थाना क्षेत्र के रामासिया गांव के पास हुआ। खौड़ गांव निवासी मांगीलाल (55) पुत्र देवाराम अपनी पत्नी सुखीदेवी (45) के साथ दूदिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय उनकी बाइक को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। हादसे में बाइक के पीछे बैठी सुखीदेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पति मांगीलाल भी घायल हो गए, जिनका पाली के बांगड़ अस्पताल में उपचार जारी है।