Kia Seltos और Kia Syros हुईं महंगी, अपडेट के बाद बढ़ीं कीमतें; जानिए नए रेट
किआ इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी Kia Seltos और Kia Syros की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। Seltos के चुनिंदा वेरिएंट्स महंगे हुए हैं, जबकि Syros के सभी वेरिएंट्स की कीमत में इजाफा किया गया है। कंपनी ने बढ़ती लागत को इसका कारण बताया है और 1 जुलाई से पूरे लाइनअप पर भी कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
किआ इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी Kia Seltos और Kia Syros की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। हाल ही में दोनों मॉडलों को अपडेट किए जाने के बाद कंपनी ने नए प्राइस रिवीजन की घोषणा की है। बढ़ती उत्पादन लागत और ऑपरेशनल खर्चों के बीच किआ ने यह कदम उठाया है, जिससे नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।
Kia Seltos की कीमत में कितना इजाफा?
रिपोर्ट्स के अनुसार, Kia Seltos के चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमतों में 900 रुपये से लेकर 2,900 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। यह मौजूदा जनरेशन लॉन्च होने के बाद Seltos की पहली आधिकारिक प्राइस हाइक मानी जा रही है। नई कीमतों के बाद Seltos की एक्स-शोरूम रेंज लगभग 10.99 लाख रुपये से 20.19 लाख रुपये तक पहुंच गई है।