जैसलमेर-बाड़मेर में आग उगल रहा मौसम, 23 मई से राजस्थान में भीषण हीटवेव का रेड अलर्ट
पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जैसलमेर, बाड़मेर और पोकरण में तापमान 43 से 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 मई के बाद तेज लू और गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के पश्चिमी सीमावर्ती जिलों में मई की गर्मी अब विकराल रूप लेती दिखाई दे रही है। जैसलमेर, बाड़मेर और पोकरण सहित मरुधरा के कई इलाकों में सूरज आग बरसा रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 23 मई के बाद पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकती है। आने वाले दिनों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
जैसलमेर में तेज हवाओं से मिली थोड़ी राहत
स्वर्णनगरी जैसलमेर में गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम दिशा से चली तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर दी। हालांकि यह राहत अस्थायी मानी जा रही है।