"ड्यूटी पर लौट रहे जवान की रास्ते में बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत... सैन्य सम्मान से दी गई अंतिम विदाई"
जोधपुर के ओसियां क्षेत्र के रहने वाले सेना के जवान जयप्रकाश की ड्यूटी पर लौटते समय तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र के समराऊ गांव के रहने वाले भारतीय सेना के जवान जयप्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। महज 10 दिन की छुट्टियां बिताकर अपनी यूनिट में लौट रहे जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रविवार को जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। सेना की ओर से उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
अरुणाचल प्रदेश में थे तैनात
जयप्रकाश भारतीय सेना की 230 मीडियम रेजिमेंट में गनर पद पर तैनात थे और उनकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी। वे करीब एक साल बाद 21 मई 2026 को 10 दिनों की छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। परिवार के साथ समय बिताने के बाद उन्हें 1 जून को वापस यूनिट में रिपोर्ट करना था।