लव मैरिज कर गई बहन और 11 माह के मासूम भांजे के लिए मामा बना कंश...
धौलपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया, जहां नाबालिग भाई ने जीजा के साथ मिलकर प्रेम विवाह करने वाली बहन ट्विंकल और उसके 11 महीने के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान में एक दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग भाई ने अपने जीजा के साथ मिलकर अपनी बहन और 11 महीने के मासूम भांजे की निर्मम हत्या कर दी। हत्या का कारण बहन का घर वालों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करना बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या के एक सप्ताह बाद मामले का खुलासा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2025 को सुबह 11 बजे धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर 11 महीने के बच्चे का शव दो टुकड़ों में मिला। करीब आठ घंटे बाद, शाम 7 बजे, एक महिला का शव एफसीआई गोदाम के पीछे बरामद हुआ। महिला के गले पर ब्लेड से काटने के निशान थे। मौके पर दो बैग भी मिले, जिनमें महिला और बच्चे के कपड़े थे। बैग में एक पर्ची भी मिली, जिस पर कुछ मोबाइल नंबर लिखे थे।
इन नंबरों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मृत महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा के तेरहा गांव निवासी ट्विंकल ठाकरे (22) के रूप में हुई। बच्चा ट्विंकल का बेटा था। ट्विंकल के पति दीपक उर्फ विपिन यादव ने बताया कि ट्विंकल ने उनके साथ प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वे अक्टूबर 2023 से मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में रह रहे थे।