राजस्थान के 4 जिलों में रेतीला बवंडर, दिन में छाया अंधेरा: पाकिस्तान से उठे तूफान ने बदला मौसम; UP-बिहार में 48 मौतें
राजस्थान के चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर में शनिवार को आए भीषण रेतीले तूफान ने जनजीवन प्रभावित कर दिया।
राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर तथा सीकर जिलों में भीषण रेतीला तूफान देखने को मिला। पाकिस्तान की ओर से उठे धूल भरे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और देखते ही देखते आसमान धूल के गुबार से भर गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दिन के समय ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा, जबकि लोग जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में शरण लेते नजर आए। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में धूल का साम्राज्य
शनिवार सुबह करीब 11 बजे श्रीगंगानगर में तेज धूल भरी आंधी शुरू हुई। कुछ ही मिनटों में पूरा शहर धूल के गुबार से ढक गया। कई स्थानों पर रेत के बवंडर जैसे दृश्य दिखाई दिए। इसी तरह चूरू और बीकानेर में भी लोगों ने दुर्लभ और भयावह रेतीले तूफान का सामना किया।