आबूराज के विकास का बनेगा नया ब्लूप्रिंट, CM भजनलाल शर्मा बोले- विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं हों विकसित
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आबूराज के समग्र विकास के लिए नया ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आबूराज में आयोजित आबूपर्वत विकास समिति की बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आबूराज की पर्यटन, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय विशेषताओं के अनुरूप विकास का व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आबूराज में शहरी विकास, सड़क, पार्किंग और आवागमन की विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए संभागीय आयुक्त और मुख्य सचिव को विशेष जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नक्की झील के सौंदर्यकरण, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन, सीढ़ियों की मरम्मत और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबूराज ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है, इसलिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां स्थित मंदिरों का सूचीकरण कर उनके विकास की कार्ययोजना बनाई जाए।