टोंक में ठेकेदार की हत्या का खुलासा: बचपन के दोस्त ज्वेलर ने 5 लाख नहीं मिलने पर की वारदात
टोंक में नगर परिषद के ठेकेदार पवन गर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बचपन के दोस्त और ज्वेलर राकेश ताम्बी को गिरफ्तार किया है।
टोंक में नगर परिषद के ठेकेदार पवन गर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उनके बचपन के दोस्त और ज्वेलर राकेश ताम्बी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में आरोपी ने हत्या की साजिश रची थी।
टोंक एसपी रोशन मीणा ने बताया कि आरोपी राकेश ताम्बी निवासी कंपू (टोंक) को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पवन गर्ग से करीब 15 दिन पहले 5 लाख रुपए उधार मांगे थे, लेकिन पवन ने रुपए देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात राकेश ने पवन गर्ग को शराब पार्टी के बहाने उनकी दुकान के ऊपर बने कमरे में बुलाया। वह अपने साथ बीयर, एक छोटी कुल्हाड़ी और रस्सी लेकर पहुंचा था। शराब पीने के दौरान मौका पाकर उसने पीछे से कुल्हाड़ी से कई वार किए और बाद में रस्सी से गला घोंटकर पवन की हत्या कर दी।