PBM अस्पताल में 2 प्रसूताओं की मौत पर बवाल: परिजनों ने थाली-कटोरा लेकर मांगा न्याय, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
बीकानेर के PBM अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत के बाद परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया।
बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को मृतक महिलाओं के परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने न्याय की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी थाली और कटोरा लेकर पहुंचे तथा प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में मृतका शारदा नायक के पिता हीरालाल नायक, उनकी तीन वर्षीय बेटी बिंदिया और प्रीति नायक के पति कमल नायक भी शामिल रहे। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उन्हें परिसर के बाहर ही रोक दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से कटोरा लेकर मिलने की मांग की, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर बैठ गए, नारेबाजी की और विरोध स्वरूप कटोरे वहीं छोड़कर लौट गए।