बेटा कमाने UAE गया था... फिर ऐसा क्या हुआ कि ढाई साल से जेल में है? मां बोली- 'बस एक बार देख लूं'
झुंझुनूं के अब्दुल समद (24) मार्च 2024 में रोजी-रोटी कमाने UAE गया था।
झुंझुनूं: घर की आर्थिक तंगी दूर करने और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद में झुंझुनूं का 24 वर्षीय अब्दुल समद मार्च 2024 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) गया था। परिवार ने ब्याज पर कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा वहां कमाई करेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। लेकिन परिवार के मुताबिक, UAE पहुंचने के कुछ महीनों बाद हालात बदल गए और समद कथित धोखाधड़ी और कानूनी विवाद में फंस गया।
परिवार का दावा है कि अब्दुल समद पिछले करीब ढाई साल से अजमान की सेंट्रल जेल में बंद है। परिवार को मामले की पूरी कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उसकी रिहाई को लेकर चिंता बनी हुई है।
एजेंट को दिए थे 65 हजार रुपए
झुंझुनूं शहर की अंसारी कॉलोनी, वार्ड नंबर 58 निवासी मोहम्मद रफीक पठान के तीन बेटों में अब्दुल समद सबसे छोटा है। बड़े भाई शफीक के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए समद को UAE भेजने का फैसला किया गया था।