रक्षाबंधन पर राजस्थान में महिलाओं को दो दिन मुफ्त बस यात्रा की सौगात,9 और 10 अगस्त को लागू होगी योजना
रक्षाबंधन पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को 9-10 अगस्त को साधारण रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है, जिससे करीब 8.5 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। योजना का 14 करोड़ रुपये का खर्च सरकार वहन करेगी।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक विशेष उपहार की घोषणा की है। राज्य की साधारण रोडवेज बसों में 9 और 10 अगस्त को महिलाएं और लड़कियां मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यह योजना राजस्थान की सीमा के भीतर चलने वाली सभी श्रेणियों की साधारण बसों पर लागू होगी। हालांकि, वातानुकूलित (एसी), वॉल्वो और ऑल इंडिया परमिट वाली बसें इस सुविधा से बाहर रहेंगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा, बहनों का सम्मान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन-आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम में इस योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा, “सावन का महीना बहनों के मन में प्रेम और उल्लास का संचार करता है। हर बहन अपने भाई के घर जाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाना चाहती है। ऐसे में सरकार ने तय किया है कि इस अवसर पर राजस्थान रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं और बालिकाओं को दो दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया और रक्षाबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। सरकार का यह कदम महिलाओं को उनके परिवार के साथ यह त्योहार मनाने में सहायता प्रदान करेगा।