वरमाला से पहले ही दुल्हन क्यों किया शादी से इनकार, वजह जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
बिहार के सहरसा में नशे की हालत में शादी में पहुंचे दूल्हे को दुल्हन ने स्टेज पर ही रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद शादी टूट गई और दोनों पक्षों में हंगामा हो गया। लड़की पक्ष ने बारातियों को बंधक बना लिया, बाद में पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हुआ।
बिहार के सहरसा जिले में एक शादी समारोह अचानक विवाद और हंगामे में तब्दील हो गया, जब दूल्हा शराब के नशे में स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन ने उसे देखते ही शादी से इनकार कर दिया। यह घटना बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तर पंचायत की है, जहां एक खुशी का माहौल कुछ ही मिनटों में तनाव और विवाद में बदल गया।जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-2 निवासी युवती की शादी पूर्णिया निवासी और वर्तमान में सहरसा के शिवपुरी मोहल्ला में रहने वाले रोहन कुमार से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से लड़की पक्ष के घर पहुंची और सभी रस्मों की तैयारी शुरू की गई।
नशे की हालत में स्टेज पर पहुंचा दूल्हा
वरमाला की रस्म के दौरान जब दूल्हे को स्टेज पर बुलाया गया, तो वह पूरी तरह शराब के नशे में दिखाई दिया। मंच पर पहुंचते ही वह असामान्य हरकतें करने लगा, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। दुल्हन ने जब दूल्हे की यह हालत देखी, तो उसने तत्काल शादी करने से इनकार कर दिया और स्टेज छोड़कर नीचे आ गई। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और माहौल बिगड़ने लगा।
शादी टूटते ही बढ़ा तनाव
दुल्हन के इनकार के बाद वधू पक्ष में नाराजगी फैल गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना था कि इस तरह नशे में धुत व्यक्ति के साथ शादी करना संभव नहीं है।इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और धीरे-धीरे मामला तनावपूर्ण हो गया। कई बाराती भी स्थिति बिगड़ने पर वापस लौटने लगे।