बाड़मेर: नेहरू नगर धर्मशाला में युवक का शव मिला, सुसाइड नोट में रिश्तेदारों पर पैसे को लेकर परेशान करने का आरोप
बाड़मेर के नेहरू नगर स्थित एक समाज की धर्मशाला के कमरा नंबर 5 में 40 वर्षीय ओमप्रकाश का शव मिला। शव के पास सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें रिश्तेदारों पर रुपयों के मामले में परेशान करने का आरोप लगाया गया। तीन दिन पहले धर्मशाला में रुके ओमप्रकाश का शव बदबू आने पर मिला। पुलिस ने एमओबी और एफएसएल टीमों से सबूत जुटाए, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है, पोस्टमॉर्टम के बाद कारण स्पष्ट होगा।
बाड़मेर शहर के नेहरू नगर स्थित एक समाज की धर्मशाला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रूम नंबर 5 में एक 40 वर्षीय युवक का शव मिला है। शव के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपने रिश्तेदारों पर रुपयों के लेन-देन को लेकर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना है, लेकिन सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना का विवरण मृतक की पहचान कातरला भादूओं की ढाणी निवासी ओमप्रकाश (40 वर्ष), पुत्र भाखराराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश तीन दिन पहले बाड़मेर शहर आए थे और नेहरू नगर स्थित समाज की धर्मशाला के रूम नंबर 5 में ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह धर्मशाला के इस कमरे से तेज बदबू आने की शिकायत मिली। धर्मशाला के कर्मचारियों ने गेट खोलकर देखा तो बेड पर ओमप्रकाश का शव पड़ा हुआ मिला।इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर गोविंदराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और धर्मशाला संचालक से पूछताछ की। डीएसपी रमेश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।