जयपुर में बिजनेसमैन की हत्या: कार में बोरे में मिली लाश, करोड़ों के लेन-देन विवाद में हत्या का शक
जयपुर के शिवदासपुरा इलाके में एक बिजनेसमैन की लाश कार में बोरे में लिपटी मिली। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बिजनेसमैन की लाश उसकी कार में बोरे और प्लास्टिक में लिपटी हुई मिली। मृतक की पहचान विधानी निवासी हरिशंकर शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का कारोबार करता था।
परिजनों के अनुसार, हरिशंकर 13 जून को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कार में मिली लाश
सोमवार सुबह घर के पास खड़ी एक कार की पिछली सीट पर शव बरामद हुआ। शव को प्लास्टिक और बोरे में लपेटकर छिपाया गया था। शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।